top of page
Image by NordWood Themes
Image by NordWood Themes

मुहब्बत पर

Writer: DharmrajDharmraj


कुछ भी नहीं महरुम यहाँ मुहब्बत से

गर निगाह हो

मनचली मेहबूबा के दावे मुहब्बत पर

ठिठके आशिक की वफा मुहब्बत पर

आशिकी के आगाज मुहब्बत पर

उसके अंजाम मुहब्बत पर

अकेले होने का सच मुहब्बत पर

साथ होने का फलसफा मुहब्बत पर

होने का गुरुर मुहब्बत पर

मिटने का कलेजा मुहब्बत पर

काठ का धिकना मुहब्बत पर

भूसी का सुलगना मुहब्बत पर

परछाई का उजाले सा अँधेरा मुहब्बत पर

सच का अँधेरे सा उजाला मुहब्बत पर

कसाई का छूरा फरगना मुहब्बत पर

माँ का सिर सहलाना मुहब्बत पर

बनिया की डाँड़ी मुहब्बत पर

मजूर की करिया हाँड़ी मुहब्बत पर

सालिगराम मुहब्बत पर

सबेरे की अजान मुहब्बत पर

कोठे की सीढ़ी मुहब्बत पर

नई को कोसती पुरानी पीढ़ी मुहब्बत पर

केहाँ केहाँ केहाँ

बारह दिन की सौरी मोहब्बत पर

हे राम

तेरह दिन का दाग मोहब्बत पर

कबूल है कबूल है कबूल है मुहब्बत पर

तलाक तलाक तलाक मुहब्बत पर

मणिकर्णिका वाला विराग मुहब्बत पर

मुंबई वाला राग मुहब्बत पर

दिल्ली वाली रेल मुहब्बत पर

हिमालय वाली पगडण्डी मुहब्बत पर

मुँहफुकउना दढ़िजार क नाती मुहब्बत पर

जिया नीके रहा बबुआ मुहब्बत पर

माई बाबू भैया धरम पत्नी मुहब्बत पर

फिरंगी कटुवा काफिर मुहब्बत पर

नदिया सागर पहाड़ मुहब्बत पर

गंगा की जीत कर्मनाशा की हार मुहब्बत पर

गाय बाघ और सियार मुहब्बत पर

तुलसी चकवड़ और मदार मुहब्बत पर

सुबह का सूरज बसन्त बाग मुहब्बत पर

कोयल की कूक पूरा चाँद मुहब्बत पर

दुर दुर दुर खौरहा कुकुर मुहब्बत पर

साहेब का बुढ़वा जेम्स डाग मुहब्बत पर

ची ssssssssss

बाज की चीखती उड़ान मुहब्बत पर

सर सर सर सर सर सर पाती में

सरकते साँप की चाल मुहब्बत पर

चंगेज हिटलर नादिर स्टैलिन मुहब्बत पर

बुद्ध कृष्ण जीसस मोहम्मद मुहब्बत पर

नेति नेति नेति मुहब्बत पर

अस्ति अस्ति अस्ति मुहब्बत पर

अप्प दीपो भव मुहब्बत पर

गुरु कृपा हि केवलम मुहब्बत पर

मिथ्या अध्यास मुहब्बत पर

सत्य ब्रम्ह मुहब्बत पर

दुख उसका कारण निवारण मुहब्बत पर

दुख मुक्ति मुहब्बत पर

शास्त्र परम्परा प्रमाण मुहब्बत पर

निज बोध प्रमाण मुहब्बत पर

भक्ति के आँसू मुहब्बत पर

साक्षी का ध्यान मुहब्बत पर

मुहब्बत की मुहब्बत से

महरुमियत मुहब्बत पर

मुहब्बत का मुहब्बत होना मुहब्बत पर

धर्मराज

29 January 2017


Comentarios


bottom of page